मप्र: असमय बारिश-ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान, नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
भाेपाल, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में हाल ही में हुई असमय वर्षा, आंधी और ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी नुकसान को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने साेमवार काे मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर त्वरित राहत और कार्रवाई की मांग की है।
अपने पत्र में नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने बताया कि भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, बड़वानी, बैतूल और रायसेन सहित कई जिलों में गेहूं, सरसों और चना की खड़ी और कटी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर फसल कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी उपज भी बारिश और ओलावृष्टि की चपेट में आ गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। सिंघार ने यह भी मुद्दा उठाया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीदी समय पर शुरू नहीं होने के कारण किसानों की उपज लंबे समय तक खुले में पड़ी रही, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य शासन से मांग की है कि—
- प्रभावित जिलों में राजस्व एवं कृषि विभाग के माध्यम से शीघ्र, पारदर्शी एवं समयबद्ध सर्वेक्षण कर वास्तविक क्षति का आकलन कराया जाए।
- आकलित क्षति के अनुरूप किसानों को यथोचित आर्थिक सहायता/मुआवजा शीघ्र प्रदान किया जाए।
- वर्षा से प्रभावित उपज के संदर्भ में गुणवत्ता मानकों में आवश्यक एवं व्यवहारिक शिथिलता प्रदान की जाए, ताकि किसानों को उपार्जन से वंचित न होना पड़े।
- सिंघार ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर प्रभावित किसानों को जल्द राहत पहुंचाई जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से उबारा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

