सागर: ग्राम उल्दन में विशेष शिविर, बांध प्रभावितों की समस्याओं का मौके पर निराकरण
सागर, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में उल्दन बांध निर्माण परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए सागर प्रशासन ने शुक्रवार को ग्राम उल्दन में विशेष शिविर आयोजित किया। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर लगाए गए इस शिविर में डूब क्षेत्र से प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और संबंधित विभागों की टीमें मौजूद रहीं। डूब क्षेत्र से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के सामने रखीं। इस दौरान भूमि और संपत्ति के मूल्यांकन से जुड़ी शिकायतों, पुनर्वास स्थल पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा पात्रता सूची में नाम जोड़ने एवं संशोधन संबंधी आवेदनों पर चर्चा की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को विस्थापन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि प्रभावित परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि बांध परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है और इसके सफल क्रियान्वयन में ग्रामीणों का सहयोग आवश्यक है।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि प्रभावित परिवारों के अधिकारों और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। कोशिश है कि विस्थापन के दौरान किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े और पुनर्वास की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
विशेष शिविर के आयोजन से ग्रामीणों में मौजूद कई तरह की आशंकाएं और भ्रम भी दूर हुए। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी बांध प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि विस्थापन और पुनर्वास की प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

