home page

कनाडा में उज्जैन के छात्र की मौत- शव लाने के लिए मांगे 40 हजार डॉलर

 | 
कनाडा में उज्जैन के छात्र की मौत- शव लाने के लिए मांगे 40 हजार डॉलर


उज्जैन, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के कनाडा में पढ़ने गए छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की हत्या से परिवार के सदस्य सदमें में है। वहीं छात्र का शव भारत लाने के लिए लगने वाले रुपए परिवार के पास नहीं है।

परिजनों का कहना है कि कनाडा में प्रक्रिया पूरी करने और शव भारत लाने के लिए लाखों रुपए खर्च होंगे, जिसका इंतजाम करना उनके लिए संभव नहीं है। ऐसे में परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

गौरतलब है कि देवास रोड स्थित पाश्र्वनाथ सिटी निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा की दो दिन पहले कनाडा में कार से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा हुआ है। ऐसे में अब शव को भारत लाने की प्रक्रिया में लाखों रुपए खर्च की बात सामने आई है। कनाडा में जांच और अन्य औपचारिकताओं के चलते अस्पताल से छात्र का शव 15 दिन बाद मिलेगा। इसके लिए कनाडा में 40 हजार डॉलर, भारतीय मुद्रा में लगभग 36 लाख रुपए जमा कराने होंगे। वहीं छात्र के शव को उज्जैन लाने में करीब 10 लाख रुपए का अतिरिक्त खर्च भी आएगा।

गुरकीरत के पिता गुरजीत सिंह ने मीडिया से चर्चा में बताया कि उनके लिए यह रकम जुटाना संभव नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आर्थिक सहायता देने की अपील की है ताकि बेटे का शव भारत लाकर अंतिम संस्कार किया जा सके। छात्र के परिजनों ने कनाडा जाने के लिए वीजा प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि वहां पहुंचकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल