home page

उज्जैन पुलिस का होलिका पर्व के पहले बम्पर तोहफा, गुम हुए 406 मोबाइल उनके असली मलिकों को सौंपे

 | 
उज्जैन पुलिस का होलिका पर्व के पहले बम्पर तोहफा, गुम हुए 406 मोबाइल उनके असली मलिकों को सौंपे


उज्जैन , 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में रंगों के पर्व होली से ठीक पहले रविवार को पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 406 मोबाइल फोन ट्रेस कर, उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। अपने मोबाइल फोन वापस पाकर लोगों ने पुलिस की प्रशंसा की। पुलिस का दावा है कि लौटाए गए मोबाइल की कीमत 75 लाख रुपए बताई जा रही है।

रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी प्रदीप शर्मा की उपस्थिति में 406 गुम मोबाइल फोन उनके असली स्वामियों को सुपुर्द किए गए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस पाकर आवेदकों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने पुलिस प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।

एसपी प्रदीप शर्मा और सीएसपी पुष्पा प्रजापत ने एक-एक आवेदक से मुलाकात कर मोबाइल सौंपे। इस दौरान उन्होंने आमजन से मोबाइल सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने की अपील भी की। गुम मोबाइल फोनों की तलाश में आईटी सेल और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम की सहायता से मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की गई। कई मोबाइल अन्य जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के बाहर भी संचालित पाए गए, जिन्हें लगातार तकनीकी प्रयासों से ट्रैक कर बरामद किया गया।

श्रद्धालुओं के 119 मोबाइल भी मिलेएसपी ने बताया कि बरामद मोबाइल केवल जिले तक सीमित नहीं रहे, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों और विभिन्न राज्यों से भी ट्रेस किए गए। पुलिस की टीम ने 119 ऐसे मोबाइल भी बरामद किए है, जो दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के थे। इसके अलावा 78 मोबाइल शहर के ऐसे लोगों के थे जो अन्य प्रदेशों में चलाए जा रहे थे।

पहली सैलरी से खरीदा था मोबाइलत्योहार से पूर्व 406 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल लौटाकर पुलिस ने उनकी होली की खुशियां दोगुनी कर दीं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में पदस्थ शुभम सोनी ने बताया कि उन्होने अपनी पहली सैलरी से मां के लिए नया मोबाइल खरीदा था। फोन घर के बाहर से एक साल पहले गायब हो गया था। फोन वापस मिलने पर मां के साथ पूरा परिवार खुश है।

अब तक इतने मोबाइल लौटाएआंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2023 में 235 मोबाइल (करीब 58.75 लाख रुपये), वर्ष 2024 में 445 मोबाइल (लगभग 92.05 लाख रुपये) और वर्ष 2025 में 952 गुम मोबाइल (करीब 1.81 करोड़ रुपये) उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। वर्ष 2025 में 1 हजार मोबाइल लौटाए गए थे। वहीं इस वर्ष 2 माह के भीतर 406 मोबाइल खोजकर वापस किए गए।

नागरिकों से पुलिस की अपीलपुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित सिम ऑपरेटर से सिम डि-एक्टिवेट करवाकर, उसी नंबर का नया सिम जारी कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज करें। मोबाइल में मजबूत लॉक या पैटर्न लॉक अवश्य रखें तथा फाइंड माय डिवाइज जैसे विकल्प सक्रिय रखें। शर्ट की ऊपरी जेब और पैंट की पिछली जेब में मोबाइल रखने से बचें, साथ ही मोबाइल गुम होने पर सभी लॉग-इन अकाउंट तुरंत लॉगआउट कर दें और रजिस्टर्ड ईमेल व पासवर्ड सुरक्षित रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल