उज्जैन : सीवर चेंबर हादसे में कर्मचारी की मौत, टाटा प्रोजेक्ट प्रा. लिमिटेड पर एफआईआर दर्ज
उज्जैन, 7 जुलाई (हि.स.)। उज्जैन में सीवर लाइन की सफाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक कर्मचारी की मौत के बाद नगर निगम ने टाटा प्रोजेक्ट प्रा. लिमिटेड के खिलाफ जीवाजीगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे में दो अन्य कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
नगर निगम के अनुसार पिपलीनाका क्षेत्र में सीवर चेंबर की सफाई संबंधी शिकायत मिलने पर टाटा प्रोजेक्ट प्रा. लिमिटेड की टीम मौके पर पहुंची थी। कर्मचारी मशीन की सहायता से चेंबर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी का पैर फिसल गया और वह सीवर चेंबर में गिर पड़ा। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य कर्मचारी भी चेंबर के भीतर उतर गए और तीनों जहरीली गैस की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। तीनों कर्मचारियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए चरक अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने कर्मचारी अशोक को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल गोपाल और रमेश का उपचार जारी है और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने संबंधित कंपनी के खिलाफ जीवाजीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतक के परिजनों को 'सीवर एवं सेप्टिक टैंक सफाई कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध एवं पुनर्वास अधिनियम, 2013' के प्रावधानों के तहत 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सीवर सफाई के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

