उज्जैनः ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड सैनिक की मौत, थाने में अचानक बेहोश होकर गिरे
उज्जैन, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में होमगार्ड सैनिक की मौत हो गई। सोमवार को दोपहर में वे चिमनगंज मंडी थाने में ड्यूटी कर रहे थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें देखा और बचाने के लिए तुरंत सीपीआर दिया, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक हरीलाल मालवीय (56 वर्ष) की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर चले उपचार के बाद उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी मृत्यु श्वसन तंत्र फेल होने के कारण हुई है।
होमगार्ड कमांडेंट संतोष जाट ने बताया कि जवान हरीलाल मालवीय उज्जैन के चिमनगंज थाने में वारंट तामील का काम करते थे। पिपली नाका के पास महावीर नगर के रहते थे। वे बाबा महाकाल की सवारी में हमेशा सेवा देते आए हैं। उनके परिवार में एक बेटा और बेटी है। बेटा महाकाल मंदिर में फूल की दुकान लगाता है। उसे अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। वहीं, बेटी मेधावी छात्रा हैं। उसे 6 दिसंबर को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होमगार्ड के स्थापना दिवस पर 40 हजार रुपये का इनाम दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

