home page

उज्जैन में बारातियों से भरी बस पलटी, 18 घायल, सड़क निर्माण के बीच ओवरटेक बना हादसे की वजह

 | 
उज्जैन में बारातियों से भरी बस पलटी, 18 घायल, सड़क निर्माण के बीच ओवरटेक बना हादसे की वजह


उज्जैन, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर गांव के पास शुक्रवार को बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 18 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस इंदौर से खाचरौद की ओर जा रही थी। जहां दुर्घटना हुई, उस मार्ग पर इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान बस चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए एंबुलेंस से उज्जैन रेफर किया गया।

नायब तहसीलदार प्रियंका जैन के अनुसार, घायलों में 13 महिलाएं, 4 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं। इनमें से 8 लोगों का इलाज उज्जैन के अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य का उपचार खाचरौद में किया जा रहा है।

घायलों के नाम

घायलों में अलिना (16), गुलब शाह (26), शब्बा (35), शबाना (35), सलमा बी (55), मुस्कान (22), राबिया बी (34), सन्ना बी (21), शाहनवाज (22), रानी (35), शिफा (12), आलिया (11), परवेज (11), नोशाद बी (42), नारोबी (50), फिरदौस (13) और अली हसन (7) शामिल हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि सड़क निर्माण की स्थिति और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे