home page

त्रिशूल-डमरू और भांग से सजे बाबा महाकाल, मोगरे-गुलाब के फूलों से हुआ दिव्य श्रृंगार

 | 
त्रिशूल-डमरू और भांग से सजे बाबा महाकाल, मोगरे-गुलाब के फूलों से हुआ दिव्य श्रृंगार


उज्जैन, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार तड़के चार बजे भस्म आरती के लिए मंदिर के पट खोले गए। मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि पर भगवान महाकाल का विशेष पूजन-अभिषेक कर मनोहारी श्रृंगार किया गया। इस दौरान भगवान को त्रिशूल, डमरू और भांग अर्पित की गई। मोगरे और गुलाब के सुगंधित फूलों की मालाओं से बाबा का दिव्य श्रृंगार किया गया।

पट खुलने के बाद पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। भगवान को हरिओम का जल अर्पित कर चंदन, भांग और विभिन्न पूजन सामग्रियों से श्रृंगार किया गया।

भस्म अर्पित कर धारण कराया रजत मुकुट

पंचामृत पूजन के बाद कपूर आरती की गई। मंत्रोच्चार और पूजन विधि के बीच ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढांककर भस्म रमाई गई। इसके बाद भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पमालाएं अर्पित की गईं। मोगरे और गुलाब के फूलों से हुए श्रृंगार ने बाबा के दिव्य स्वरूप को और मनोहारी बना दिया। भगवान को फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया। परंपरा के अनुसार महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई।

जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने नंदी हॉल सहित मंदिर परिसर से बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं भी कही। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा। धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे