home page

(अपडेट) उज्जैन: महाकाल मंदिर में भस्म आरती में साकार हुआ हरिहर मिलन का अलौकिक दृश्य

 | 
(अपडेट) उज्जैन: महाकाल मंदिर में भस्म आरती में साकार हुआ हरिहर मिलन का अलौकिक दृश्य


(अपडेट) उज्जैन: महाकाल मंदिर में भस्म आरती में साकार हुआ हरिहर मिलन का अलौकिक दृश्य


(अपडेट) उज्जैन: महाकाल मंदिर में भस्म आरती में साकार हुआ हरिहर मिलन का अलौकिक दृश्य


(अपडेट) उज्जैन: महाकाल मंदिर में भस्म आरती में साकार हुआ हरिहर मिलन का अलौकिक दृश्य


- आधी रात को गोपाल मंदिर पहुंचे महाकाल, विष्णु को सौंपा सृष्टि के संचालन का जिम्मा, सुबह वैष्णव तिलक लगाकर दिए दर्शन

उज्जैन, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार की आधी रात देवाधिदेव महादेव ने सवारी के रूप में गोपाल मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण (श्री हरि) को सृष्टि के संचालन का कार्यभार सौंपा। वहीं, सोमवार सुबह महाकाल मंदिर की भस्म आरती में भगवान विष्णु के पूजन के साथ हरिहर मिलन का अलौकिक दृश्य साकार हुआ। इस अवसर पर मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु दिव्य परंपरा के साक्षी बने।

धर्मनगरी उज्जैन में रविवार की रात वैकुंठ चतुर्दशी पर हरि और हर के मिलन की अनूठी परंपरा निभाई गई। महाकाल मंदिर से रविवार रात 11 बजे बाबा महाकाल श्री मनमहेश स्वरूप में रजत पालकी में विराजमान होकर महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा और पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचे। पूरे सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। भगवान के आगमन से पहले ही लोग सड़कों पर फूल बिछाकर इंतजार करते नजर आए। आतिशबाजी पर प्रतिबंध के बावजूद कई स्थानों पर जमकर पटाखे चलाए गए। प्रशासन ने हिंगोट वाले पटाखों पर रोक लगाई थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

बाबा महाकाल की सवारी रात 12 बजे गोपाल मंदिर पहुंची। यहां भगवान द्वारकाधीश और बाबा महाकाल का हरि-हर मिलन हुआ। शासकीय पुजारी घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों देवताओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। परंपरा के अनुसार, भगवान महाकाल ने बिल्वपत्र की माला भगवान विष्णु को अर्पित की, जबकि भगवान द्वारकाधीश ने तुलसी की माला महाकाल को पहनाई। इसी के साथ चार महीने तक भगवान शिव के पास रही सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी पुनः भगवान विष्णु को सौंपने का प्रतीकात्मक विधान पूरा हुआ।

तुलसी और बिल्वपत्र की माला से हुआ सत्ता का हस्तांतरण

गोपाल मंदिर में भगवान महाकाल और भगवान द्वारकाधीश का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विष्णु की प्रिय तुलसी की माला महाकाल को और भगवान शिव की प्रिय बिल्वपत्र की माला भगवान द्वारकाधीश को अर्पित की गई। दोनों देवताओं को विशेष भोग भी लगाया गया। धार्मिक मान्यता में मालाओं का यह आदान-प्रदान सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी एक-दूसरे को सौंपने का प्रतीक माना जाता है।

पूजन के बाद सवारी इसी मार्ग से वापस महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। इसमें मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, प्रशासक प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मंदिर के पुजारी-पुरोहित, महाकाल बैंड और सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे।

भस्म आरती में भी हुआ हरिहर मिलन, महाकाल ने धारण किया वैष्णव तिलक

रात में भगवान विष्णु को सृष्टि का कार्यभार सौंपने के बाद सुबह महाकालेश्वर मंदिर की नियमित भस्म आरती में भी हरिहर मिलन का दिव्य स्वरूप देखने को मिला। इस दौरान बाबा महाकाल के साथ भगवान श्री हरि विष्णु का भी विशेष पूजन और आरती की गई। इस अवसर पर बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। उन्होंने मस्तक पर वैष्णव (विष्णु) तिलक लगाया और गले में तुलसी की माला धारण की। इसके बाद भस्म रमाकर भक्तों को दर्शन दिए।

चार महीने तक महाकाल संभालते हैं सृष्टि का भार

पौराणिक मान्यता के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चार महीने तक सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी की रात भगवान महाकाल गोपाल मंदिर पहुंचकर उन्हें सृष्टि के संचालन का दायित्व सौंपते हैं। इसी परंपरा को हरिहर मिलन कहा जाता है। उज्जैन में वर्ष में एक बार होने वाले इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

गोपाल मंदिर के पुजारी मधुर शर्मा ने बताया कि हरिहर मिलन उज्जैन की वर्षों पुरानी अद्भुत परंपरा है। इसे शहर के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल किया जाता है। भगवान महाकाल चांदी की पालकी में विराजमान होकर भगवान द्वारकाधीश के आंगन पहुंचे। भगवान श्रीहरि ने उनका आत्मीय स्वागत किया और अपनी तुलसी की माला महाकाल को पहनाई। वहीं महाकाल ने बिल्वपत्र की माला भगवान विष्णु को अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर