महाकाल ने धारण किया डमरू-त्रिशूल और शेषनाग मुकुट, रजत आभूषणों से हुआ दिव्य श्रृंगार
उज्जैन, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के भगवान महाकाल की भस्म आरती विशेष श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही गर्भगृह में पूजन-अर्चन का क्रम शुरू हुआ। इस दौरान बाबा महाकाल का डमरू-त्रिशूल, रजत आभूषणों और शेषनाग मुकुट से आकर्षक श्रृंगार किया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच पूजन और अभिषेक की परंपरागत विधियां संपन्न की गईं।
रजत मुकुट और रुद्राक्ष की मालाओं से सजा स्वरूप
अभिषेक के बाद भगवान महाकाल का भांग, चंदन और विभिन्न आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया। बाबा के मस्तक पर रजत त्रिपुंड और त्रिशूल सजाया गया। इसके साथ डमरू, शेषनाग का रजत मुकुट, रजत ॐ, बिल्वपत्र मुकुट और रजत मुंडमाल अर्पित की गई। रुद्राक्ष की मालाओं और सुगंधित पुष्पों से भगवान का अलंकरण किया गया। भगवान गणेश, माता पार्वती और भगवान कार्तिकेय का भी पूजन किया गया। इसके बाद बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पण की परंपरा निभाई गई। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
नंदी के कान में श्रद्धालुओं ने मांगी मनोकामना
भस्म आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने नंदी हॉल में नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर पूर्ति की प्रार्थना की। आरती के दौरान मंदिर परिसर में लगातार बाबा महाकाल के जयकारे गूंजते रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

