home page

चंद्र-त्रिशूल, रजत मुकुट और मुंडमाल से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु

 | 
चंद्र-त्रिशूल, रजत मुकुट और मुंडमाल से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु


उज्जैन, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैनस्थितविश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार तड़के चार बजे भस्म आरती के लिए मंदिर के पट खोले गए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। भगवान

महाकाल का चंद्र-त्रिशूल, शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला से भव्य श्रृंगार किया गया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान को भस्म अर्पित की गई। भस्म आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

परंपरा के अनुसार, सबसे पहले सभा मंडप में वीरभद्रजी के कान में स्वस्ति वाचन किया गया। घंटी बजाकर भगवान से आज्ञा ली गई और चांदी के पट खोले गए। इसके बाद गर्भगृह के पट खोलकर पुजारियों ने भगवान महाकाल का श्रृंगार उतारा और गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। भगवान का जलाभिषेक करने के बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक-पूजन किया गया। इसके बाद कपूर आरती संपन्न हुई।

भस्म आरती से पहले हरिओम जल अर्पित कर मंत्रोच्चार के साथ भगवान का ध्यान किया गया। ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढंककर भस्म अर्पित की गई। इसके बाद भगवान को चंद्र, त्रिशूल, शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। भांग, चंदन, ड्रायफ्रूट और सुगंधित पुष्पों से भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया। फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया।

इस दौरान नंदी हॉल में विराजित नंदी महाराज का स्नान, पूजन और अभिषेक किया गया। भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। कई भक्तों ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं भी कही। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे