उज्जैन : महाकाल की शरण में पहुंची अभिनेत्री जानकी बोड़ीवाला, बोलीं- 'जो शांति यहां मिली वो कहीं नहीं'
उज्जैन, 22 अप्रैल (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल के दरबार में सितारों की हाजिरी का सिलसिला जारी है। बुधवार सुबह मशहूर गुजराती और हिंदी फिल्म अभिनेत्री जानकी बोड़ीवाला उज्जैन पहुंचीं। उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान अभिनेत्री जानकी ने मंदिर के नंदी हॉल से बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती के बाद होने वाले विशेष श्रृंगार के दर्शन किए। उन्होंने नंदी जी का विधि-विधान से पूजन किया और परंपरा के अनुसार उनके कान में अपनी मनोकामना भी कही। मंदिर की सुगम दर्शन व्यवस्था से अभिभूत जानकी ने कहा कि यहां सभी श्रद्धालुओं को बहुत ही व्यवस्थित तरीके से दर्शन प्राप्त हो रहे हैं।
दर्शन के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए जानकी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि महाकाल के चरणों में आकर जो सुकून और शांति महसूस होती है, वह दुनिया में कहीं और नहीं मिलती। मेरी यही कामना है कि बाबा मुझे बार-बार अपने पास बुलाते रहें और मैं इसी तरह उनके दर्शन करती रहूँ। गौरतलब है कि जानकी बोड़ीवाला ने 'शैतान', 'छेलौ दिवस', 'नाड़ी दोष', 'वश' और गुजराती ड्रामा फिल्म 'त्रिशा ऑन द रॉक्स' में अपने दमदार अभिनय से खास पहचान बनाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

