home page

उज्जैनः नागदा रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग को जीआरपी आरक्षक ने पीटा, वीडियो वायरल होने पर एसपी ने किया निलंबित

 | 
उज्जैनः नागदा रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग को जीआरपी आरक्षक ने पीटा, वीडियो वायरल होने पर एसपी ने किया निलंबित


उज्जैन, 03 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में नागदा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक पर शर्मनाक घटना सामने आई। यहां रेलवे सुरक्षा बल (जीआरपी) के प्रधान आरक्षक मानसिंह टेकाम ने सो रहे एक दिव्यांग युवक को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो एसी कोच में बैठे एक यात्री ने बनाकर वायरल कर दिया। जिसके बाद जीआरपी एसपी ने आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है।

घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है। नागदा के प्लेटफार्म नंबर एक पर एक दिव्यांग अपने बेग के साथ सोया हुआ था। इस दौरान जीआरपी के प्रधान आरक्षक मानसिंह ने दिव्यांग को प्लेटफार्म पर जमकर पीटा। मारपीट के दौरान प्रधान आरक्षक की बर्बरता इस हद तक थी कि उन्होंने दिव्यांग का कृत्रिम पैर तक निकालकर फेंक दिया था। बुधवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में आरक्षक मानसिंह दिव्यांग युवक के साथ पहले थप्पड़ मारते हुए और फिर उसकाे लात मारते हुए दिखाई दे रहा है। इस दौरान दिव्यांग रोता हुआ स्टेशन से जाता हुआ भी दिख रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद मामले की शिकायत स्वयंसेवी संस्था 'स्नेह' के पंकज मारू और प्रकाश जैन ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। शिकायत मिलते ही एसपी (रेल) पद्म विलोचन शुक्ल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक मानसिंह टेकाम को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें इंदौर लाइन हाजिर करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस बल के भीतर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर