home page

राजगढ़ः दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीन गंभीर घायल

 | 
राजगढ़ः दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीन गंभीर घायल


राजगढ़, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खेरखेड़ी जोड़ के पास सोमवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल राजस्थान के झालावाड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार बीती रात ग्राम खेरखेड़ी जोड़ के समीप दो बाइकें आमने-सामने से टकरा गई। मृतकों की पहचान धारूसिंह भिलाला, निवासी ग्राम बांसखेड़ी, और देवीसिंह तंवर, निवासी परसपुरा, के रूप में हुई है। बताया गया कि धारूसिंह भिलाला राजगढ़ जिले के होडा माता मंदिर पर आयोजित भंडारे में भोजन प्रसादी ग्रहण करने आए थे। कार्यक्रम के बाद वह दो साथियों के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार देवीसिंह तंवर और उनका साथी किसी काम से जा रहे थे। तेज रफ्तार के कारण दोनों बाइकें आमने-सामने से भीड़ गईं, जिससे दोनों ओर के तीन अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय लोगों की मदद ली।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक