home page

अनूपपुर: आकाशीय बिजली से दो की मौत, खेत में महिला, बकरी चरा रहे अधेड़ की जान गई

 | 
अनूपपुर: आकाशीय बिजली से दो की मौत, खेत में महिला, बकरी चरा रहे अधेड़ की जान गई


अनूपपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उमरदा के पकरिया गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से खेत में धान रोपाई कर रही एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार की दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

वहीं कोतमा थाना क्षेत्र के पथरोड़ी गांव में राइस मिल के पास बकरी चराने गए 45 वर्षीय मोतीलाल यादव की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। राज्यमंत्री, कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जयसवाल ने दुःखद सूचना पर दुख जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

बिजुरी थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत उमरदा के पकरिया गांव में रविवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से खेत में धान रोपाई कर रही एक महिला की जान चली गई। इसी घटना में एक ही परिवार की दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पुनिया साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुनी बाई और सुनीता साहू का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही बिजुरी थाना पुलिस एवं प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अधेड़ के मवेशी भी चपेट में आए

कोतमा थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि मोतीलाल अपनी बकरियों को चराने पास के राइस मिल के पास अपने खेत में गए थे। बारिश शुरू होने पर वे वर्षा से बचने के लिए एक अस्थायी झोपड़ी में छिप गए, लेकिन इसी दौरान वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जयसवाल ने जताया दुख

राज्यमंत्री, कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जयसवाल ने सोशलमिडिया पर दुख जतातेहुए लिखा कि कोतमा विधानसभा के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। इस हादसे में एक महिला एवं एक पुरष की असामयिक निधन हो गया तथा 3 लोग घायल हुए हैं। साथ ही पशुधन की भी क्षति हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल एसडीएम से दूरभाष पर चर्चा कर प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने एवं आवश्यक राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से बात कर सभी घायलों का तत्काल एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने लिखा कि ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। साथ ही इस कठिन समय में हम प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला