home page

राजगढ़ः 254 आरक्षक बने प्रधान आरक्षक, एसपी तोलानी ने फिती लगाकर दी बधाई

 | 
राजगढ़ः 254 आरक्षक बने प्रधान आरक्षक, एसपी तोलानी ने फिती लगाकर दी बधाई


राजगढ़,14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की पुलिस में मंगलवार को पदोन्नति का दिन खुशी और उत्साह लेकर आया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश एवं मध्य प्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 के तहत जिले के 254 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया।

इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने नवपदोन्नत प्रधान आरक्षकों को फिती लगाकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे भी मौजूद रहे। उन्होंने पदोन्नत कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करते हुए राजगढ़ पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने अपने संबोधन में कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और जनसेवा के प्रति बढ़ी हुई प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने नवपदोन्नत प्रधान आरक्षकों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत बनाएं। समारोह के दौरान पदोन्नति प्राप्त करने वाले कर्मचारियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल रहा। साथियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इस उपलब्धि का जश्न मनाया। राजगढ़ पुलिस परिवार ने सभी नवपदोन्नत प्रधान आरक्षकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने अनुभव, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता से विभाग की साख और जनविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक