राजगढ़ः बोलेरो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
राजगढ़, 21 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक दुर्घटना हो गई, जिसमें बाइक और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पड़ाना-तलेन रोड पर करोंदी जोड़ के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बोलेरो (क्रमांक एमपी 42 सी 5987) करोंदी जोड़ के समीप सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार अशोक (45) पुत्र मानकराम शर्मा, निवासी पड़ाना, और नवीन (30) पुत्र तुलसीराम नायक, निवासी अलूनी, की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे चालक अर्जुन पुत्र मुंशीलाल वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर तुरंत एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल बोलेरो चालक को सिविल अस्पताल सारंगपुर ले जाया गया। बताया गया कि दोनों बाइक सवार युवक तलेन से पड़ाना की ओर जा रहे थे, तभी करोंदी जोड़ के पास यह हादसा हो गया। सारंगपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर वाहन दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

