आगरमालवाः कार और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल
आगरमालवा, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में उज्जैन-गरोठ फोरलेन सड़क मार्ग पर मंगलवार को कार और ट्रक के बीच हुई टक्कर में उत्तरप्रदेश निवासी एक बालिका सहित दो महिलाओं की मौके पर ही मौत, वहीं तीन अन्य गंभीर घायलों को उपचार के लिये आगरमालवा जिला चिकित्सालय लाया गया है।
पुलिस के अनुसार, उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर मंगलवार को ग्राम रामाखेड़ी के समीप उत्तरप्रदेश पासिंग अर्टिगा कार अपने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा इस हादसे में वाहन ने सवार सारिका (40) पत्नी श्यामलाल सेठ और उनकी बेटी छबि (22) पुत्र श्यामलाल सेठ निवासी ग्राम माहो जिला हाथरस उत्तर प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार श्यामलाल पुत्र हरिप्रसाद सेठ व इनके रिश्तेदार सूरजपाल (50) पुत्र राधेश्याम सेठ निवासी ग्राम मारोबार जिला अलीगढ़ उत्त प्रदेश घायल हो गये। मृतिकाओं को शवों को मरचुरी रूम बड़ौद जिला आगरमालवा मे रखवाया गया है। वही घायलों का उपचार किया जा रहा है।
घटना के सूचनाकर्ता सचिन जाट ने पुलिस को बताया कि वह अपनी अर्टिगा कार क्रमांक यूपी-81-ईए-5585 में श्यामलाल पुत्र हरिप्रसाद सेठ व उनकी पत्नी सारिका, लड़की छवि व रिश्तेदार सूरजपाल सेठ को उनके ग्राम माहो जिला हाथरस उत्तर प्रदेश से लेकर उज्जैन जा रहा था कि गरोठ से उज्जैन हाईवे ग्राम रामाखेडी के पास बड़ौद में आगे चल रहे ट्रक क्रमांक एमपी-09-एचएच-1770 का चालक अपना ट्रक तेज गति व लापरवाही से चला रहा था उक्त ट्रक को क्रासिंग करते समय ट्रक चालक द्वारा अपने ट्रक को मेरी तरफ मोड़ कर टक्कर मार दी जिससे मेरी कार क्षतिग्रस्त हो गई व पलटी खा गई जिससे यह हादसा घटित हो गया। बड़ौद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

