home page

अनूपपुर: दो बाइक की आपस में टक्कर दोनो की मौत, एक चालक ने मौके पर दम तोड़ा, दूसरे की इलाज के दौरान मौत

 | 
अनूपपुर: दो बाइक की आपस में टक्कर दोनो की मौत, एक चालक ने मौके पर दम तोड़ा, दूसरे की इलाज के दौरान मौत


अनूपपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में भोलगढ़ और पसला के बीच शुक्रवार-शनिवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों चालकों की मृत्यु हो गई। एक की मौके पर, जबकि दूसरे ने जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान पसला निवासी 31 वर्षीय संतोष कुमार चौधरी, पुत्र खेमकरण चौधरी निवासी बनबंधा गांव पसला अनूपपुर और फुनगा पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी 46 वर्षीय जावेद, पुत्र फकीर मोहम्मद के रूप में हुई है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम शनिवार को किया गया।

उप निरीक्षक गोविंद पनिका ने बताया कि जावेद अनूपपुर के एक मीडिया संस्थान में काम करता था और रात को घर लौट रहे था। संतोष बनबंधा पसला से अपने ससुराल शहडोल जिले के गिरवा थाना क्षेत्र केशवाही के टेढ़िया बलबहरा गांव जा रहा था।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार की दोपहर से रिमझिम बारिश हो रही थी। रात में हल्की धुंध और बारिश के बीच दोनों बाइकों की टक्कर होने की आशंका है। संतोष की मौके पर मृत्यु हो गई। गंभीर हालत में जावेद को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां पहुंते ही मृत्यु हो गई। शनिवार की सुबह दोनों के परिजनों के आने पर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

जावेद के परिजनों ने बताया कि जावेद अपने परिवार में सबसे बड़ा बेटा था। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी, दो छोटे बच्चे और दो भाई हैं। संतोष पसला गांव के पास एक पोल्ट्री फार्म में काम करते थे। उनकी शादी तीन साल पहले हुई थी। पत्नी सप्ताह भर पूर्व मायका गई थी, संतोष को एक माह छह दिन का लड़का है, गांव में पल्स पोलियो की दवाई पिलाने पत्नी ने टीकाकरण कार्ड मंगवाई थी, जिसे देने रात वह घर से ससुराल जा रहा था। परिजनों के अनुसार मृतक संतोष के पिता मोजरबेयर पावर प्लांट में ठेका मजदूर के रूप में काम करते है, जबकि घर में दो भाई में यह छोटा था, एक बहन ससुराल बसती है। फिलहाल पुलिस ने बाईकों को जब्त करते मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला