home page

उज्जैनः भैरवगढ़ में 12 घंटे में दो हादसे, एक श्रमिक की मौत

 | 
उज्जैनः भैरवगढ़ में 12 घंटे में दो हादसे, एक श्रमिक की मौत


उज्जैन, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित भैरवगढ़ में उन्हेल रोड पर 12 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सडक़ हादसों में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि छ: लोग घायल हो गए। एक हादसा बुधवार रात को उन्हेल रोड पर हुआ, वहीं गुरुवार सुबह भैरवगढ़ चौराहा स्थित साढ़ू माता मंदिर के पास कार पलटने से एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए।

भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि संजय पुत्र अंबाराम मीणा 30 वर्ष निवासी गणेश नगर बुधवार शाम को अपनी बेटी साक्षी 8 वर्ष और मित्र राकेश पिता रमेश 35 वर्ष निवासी जावरा के साथ उन्हेल रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास एक ढाबे पर खाना खाने गए थे। रात करीब 8 बजे तीनों जब वापस लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से संजय गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। वहीं साक्षी और राकेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों ने तत्काल तीनों को चरक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद संजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि साक्षी और राकेश को भर्ती किया गया। गुरूवार सुबह पीएम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौप दिया।

वाहन चालक पर प्रकरण दर्ज: पुलिस ने बताया कि मृतक संजय श्रमिक था और मकान निर्माण कार्य में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू कर दी है।

साढ़ू माता मंदिर के पास कार पलटी, पांच घायलइसी प्रकार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे भैरवगढ़ चौराहा स्थित साढ़ू माता मंदिर के समीप एक और दुर्घटना हो गई। पुलिस के अनुसार मुंबई से उज्जैन आ रहा एक परिवार कार में सवार था। भैरवगढ़ क्षेत्र में पहुंचने पर चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार पलटी खा गई। हादसे में कार में सवार अजय, वैष्णवी, शांतिबाई, सोनल और पूनम निवासी मुंबई घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शांतिबाई की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। भैरवगढ़ पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल