अनूपपुर: हाईवे पर ट्रक-ट्रेलर भिड़े, चालक की मौत; कार भी टकराई: दो घायल
अनूपपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले भालूमाड़ा थाना के फुनगा पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग -43 पर ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में ट्रेलर चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए।
हादसा रात करीब 8 बजे फुनगा पुलिस चौकी के के ग्राम पंचायत पाली के पास हुआ। टक्कर के बाद कोतमा से अनूपपुर जा रही एक कार भी पलटे हुए ट्रेलर से जा टकरा गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दूसरे ट्रक के चालक और कार चालक को हल्की चोट आई है। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मृतक और घायलों की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में ट्रेलर चालक की मौत हुई है, जबकि दूसरे ट्रक का चालक घायल हुआ है। टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने ब्रेक लगाए, लेकिन कार ट्रेलर से जा टकराई। कार चालक को मामूली चोट आई है।
हाईवे पर यातायात रुका
हादसे की सूचना मिलने पर फुनगा पुलिस चौकी और भालूमाड़ा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों ट्रक और ट्रेलर सड़क पर पलट गए थे। ट्रेलर में कोयला लदा हुआ है। वाहनों के सड़क पर पलटने से हाईवे पर यातायात रुक गया। पुलिस ने रास्ता खुलवाने के लिए क्रेन मंगाई है। सड़क से वाहनों को हटाने का काम जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

