home page

राजगढ़ः तेज रफ्तार ट्रक ने 15 गोवंश रौंदे, सड़क पर बिखरे शव, भागते चालक को पुलिस ने दबोचा

 | 
राजगढ़ः तेज रफ्तार ट्रक ने 15 गोवंश रौंदे, सड़क पर बिखरे शव, भागते चालक को पुलिस ने दबोचा


राजगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर रविवार तड़के ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी को झकझोर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में टोल नाके के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बैठे गोवंश के झुंड को कुचल दिया। हादसे में एक बछड़े सहित 15 गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला, लेकिन गोसेवकों की सूचना पर पुलिस ने राजगढ़ की ओर बैरिकेडिंग कर ट्रक को रोककर जब्त कर लिया।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में गोसेवक, गोरक्षक और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सड़क पर जगह-जगह पड़े गोवंश के शवों को देखकर लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस के अनुसार एचआर-38 एजे-8394 नंबर का ट्रक तमिलनाडु से लोहे के सरिए लेकर पंजाब जा रहा था। चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए पुलिस और गोसेवकों के सहयोग से सड़क पर घूमने वाले गोवंश के सींगों पर रेडियम लगाने का अभियान चलाया जाएगा, ताकि रात में वाहन चालकों को वे दूर से दिखाई दे सकें। टोल कर्मचारियों का कहना है कि आसपास के गांवों से लोग निराश्रित गोवंश को हाईवे किनारे छोड़ जाते हैं। रात के समय यही गोवंश सड़क पर बैठ जाते हैं और तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आ जाते हैं। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जिले में 135 से अधिक सरकारी और गैर- सरकारी गौशालाएं होने के बावजूद बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश सड़कों पर क्यों घूम रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से गांवों से गोवंश को गौशालाओं तक पहुंचाने की स्थायी व्यवस्था और गौशालाओं की क्षमता बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक