इंदौर में बायपास पर ट्रक ने बाइक सवार दंपती को मारी टक्कर, पत्नी की मौत, ट्रक चालक फरार
इंदौर, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बायपास पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। होमगार्ड मैदान के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान महिला ट्रक की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय रेखा अपने पति मनीराम के साथ बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद रेखा सड़क पर गिर गईं और ट्रक की चपेट में आ गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पति मनीराम पत्नी के शव को सड़क किनारे लेकर बैठ गया। वह काफी देर तक पत्नी के शव को गोद में रखे रहा और परिजनों को फोन कर हादसे की सूचना देता रहा। घटनास्थल से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आरोपी चालक की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ट्रक की पहचान कर चालक की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

