home page

जबलपुर : रायपुर से जबलपुर आ रहा ट्रक, धू-धू कर जला

 | 
जबलपुर : रायपुर से जबलपुर आ रहा ट्रक, धू-धू कर जला


जबलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंडला रोड पर शनिवार सुबह लोहे से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रक के अगले हिस्से से धुआं उठने के बाद आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। खतरा भांपकर चालक और परिचालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

पुलिस के अनुसार, ट्रक में रायपुर से लोहा लोड किया गया था और वह जबलपुर के लिए रवाना हुआ था। चालक जब मंडला शहर की ओर बढ़ रहा था, तभी ट्रक के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। शुरुआत में चालक और परिचालक कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग की लपटें उठने लगीं। दोनों ने तत्काल ट्रक से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई।

कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को घेर लिया। सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों ने घटना देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था।

ट्रक में आग लगने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात प्रभावित होने पर पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सड़क से हटवाया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो सकी। घटना में चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए। ट्रक में आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक