home page

सतना में सरिया लदा ट्रक नहर में गिरा, चालक समेत तीन लोगों की मौत

 | 
सतना में सरिया लदा ट्रक नहर में गिरा, चालक समेत तीन लोगों की मौत


सतना, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास सरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। हादसे में चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और तीनों शव वाहन के अंदर फंसे हुए थे। पुलिस ने क्रेन और कटर मशीन की मदद से करीब चार घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पहले ट्रक को क्रेन से सीधा किया गया, जिसके बाद दो शव बाहर निकाले गए। तीसरा शव ट्रक की बॉडी में फंसा था, जिसे कटर मशीन से काटकर बाहर निकाला गया।

रामपुर पुलिस के अनुसार मृतकों में दो की पहचान हो चुकी है। इनमें मैहर जिले के ग्राम पडरी निवासी दिलीप केवट पिता राजेश केवट तथा रामगढ़ निवासी विष्णु केवट पिता माखनलाल केवट शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और तहसीलदार सुजीत नागेश भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने शवों को एंबुलेंस से भेजकर यातायात सामान्य कराया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी