home page

अनूपपुर: लालपुर सरपंच से परेशान पंचों ने कलेक्टर से जनसुनवाई में लगाई गुहार

 | 
अनूपपुर: लालपुर सरपंच से परेशान पंचों ने कलेक्टर से जनसुनवाई में लगाई गुहार


अनूपपुर: लालपुर सरपंच से परेशान पंचों ने कलेक्टर से जनसुनवाई में लगाई गुहार


अनूपपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर पूर्व के समस्त पंचों ने सरपंच पर भ्रष्टाचार, अभद्र व्यवहार और पंचायत कार्यों में बाधा डालने के आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।

मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में पंचों ने इस संबंध में आवेदन सौंपा। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी एवं अपर कलेक्टर बलवीर रमन ने जिलेभर से प्राप्त 26 आवेदनों पर सुनवाई की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

बाजार हाट की अवैध वसूली का आरोप

पंचों ने आवेदन में आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत लालपुर पूर्व के सरपंच द्वारा पिछले करीब चार वर्षों से बाजार हाट के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है और राशि का उपयोग निजी प्रयोजनों में किया जाता है। आरोप है कि सरपंच ग्रामीणों को परेशान करने के साथ पंचायत की व्यवस्थाओं और कार्यों में भी बाधा उत्पन्न करते हैं।

स्कूल की ईंट और पेड़ बेचने का आरोप

पंचों ने यह भी आरोप लगाया कि सरपंच प्राथमिक विद्यालय की ईंटें तोड़कर ले गए। इसके अलावा ग्राम पंचायत द्वारा वर्ष 1990 में लगाए गए लिप्टिस के पेड़ों को कटवाकर बेचने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले को लेकर स्वतंत्रता दिवस के दौरान विरोध और विवाद की स्थिति निर्मित होने की बात आवेदन में कही गई है।

पंचों के अनुसार, विवाद के बाद सरपंच को हटाने की मांग उठी। मामले में खन्नालाल, छोटेलाल, उमाशंकर एवं जगन्नाथ के नाम से रिपोर्ट कराए जाने की बात भी पंचों ने आवेदन में बताई है। पंचों का कहना है कि लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से ग्रामीणों और वरिष्ठ नागरिकों में आक्रोश बढ़ रहा है। पंचों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर आरोपों का परीक्षण कराने तथा सरपंच को पद से हटाने की कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

जनसुनवाई में 26 आवेदनों पर हुई सुनवाई

कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी एवं अपर कलेक्टर बलवीर रमन ने जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त 26 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में तहसील अनूपपुर के ग्राम लखनपुर निवासी बुधनी बाई ने वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिलाए जाने तथा तहसील जैतहरी के ग्राम चोलना निवासी लाखन लाल केवट ने स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत बैंक से ऋण स्वीकृत कराए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार तहसील अनूपपुर के ग्राम पोड़ी मानपुर निवासी लालमन कोल ने संबल योजना का लाभ दिलाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।

जनसुनवाई में प्राप्त अन्य आवेदनों को भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रेषित किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें तथा की गई कार्यवाही से संबंधित आवेदकों को अवगत कराया जाए।

जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर प्राशी अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के.के. सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा उन्होंने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला