home page

उज्जैनः महाकालेशवर मन्दिर के त्रिनेत्र प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय ई गॉवर्नेंस पुरस्कार

 | 
उज्जैनः महाकालेशवर मन्दिर के त्रिनेत्र प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय ई गॉवर्नेंस पुरस्कार


उज्जैन, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्तित महाकाल मंदिर के “त्रिनेत्र – एआई आधारित वीडियो निगरानी प्रणाली” को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार- 2026 के लिए चयनित किया गया है। यह परियोजना महाकाल रुद्रसागर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट एरिया (MRIDA) तथा महाकालेशवर मन्दिर की सुरक्षा और निगरानी के लिए विकसित की गई है।

कलेक्टर सह मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि यह अति महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट था जिसमें मंदिर परिसर का सुरक्षा व्यवस्था के साथ ए आई को जोड़कर आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाओं को बनाने के प्रयास किए गए हैं।

पुरस्कार के चयन के पूर्व केंद्र सरकार के दल ने उज्जैन आकर इस प्रोजेक्ट का निरीक्षण भी किया था और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह द्वारा 13 सदस्य ज्यूरी के सामने इस प्रोजेक्ट का प्रजेंटेशन भी दिया गया था।

त्रिनेत्र एक अत्याधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित वीडियो सर्विलांस प्रणाली है, जिसमें उन्नत फेसियल रिकॉग्निशन, वाहन नंबर प्लेट पहचान (ANPR), रियल-टाइम वीडियो एनालिटिक्स और भीड़ प्रबंधन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यह प्रणाली मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाती है।

उज्जैन स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत स्थापित इस निगरानी नेटवर्क में 500 से अधिक AI-सक्षम कैमरे लगाए गए हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने, भीड़ नियंत्रण और जांच प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता करते हैं।

केंद्र सरकार द्वारा घोषित राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 में TRINETRA को देश की उत्कृष्ट डिजिटल और नागरिक-केंद्रित नवाचार परियोजनाओं में शामिल किया गया है। पुरस्कार वितरण समारोह 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन के दौरान दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल