home page

अनूपपुर: बैगा बच्चों की मौत के विरोध में आदिवासी छात्र संगठन ने निकाला शांतिपूर्ण मार्च

 | 
अनूपपुर: बैगा बच्चों की मौत के विरोध में आदिवासी छात्र संगठन ने निकाला शांतिपूर्ण मार्च


अनूपपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के आदिवासी छात्र संगठन ने बालाघाट में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर गुरुवार शाम शांतिपूर्ण मार्च निकाला। मार्च लालपुर बाजार से शुरू होकर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने बच्चों की मौत की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान छात्र संगठन ने कहा कि 29 मासूम बैगा बच्चों की मौत महज एक आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। संगठन का आरोप है कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं और समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।

संगठन ने सरकार से सवाल किया कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार की है, तो 29 बच्चों की मौत की जवाबदेही कौन तय करेगा। प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफे की मांग की। साथ ही प्रत्येक मृतक परिवार को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी रखी।

छात्र संगठन ने कहा कि मामले की जांच महज औपचारिकता बनकर नहीं रहनी चाहिए। जांच निष्पक्ष और उच्चस्तरीय तरीके से कराई जाए तथा जिन अधिकारियों या जिम्मेदार लोगों की लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा आदिवासी बहुल क्षेत्रों में अस्पतालों की स्थिति सुधारने, पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की नियुक्ति, जरूरी दवाओं की उपलब्धता और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार को केवल आश्वासन देने के बजाय ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में इलाज के अभाव में किसी परिवार को अपने मासूम बच्चे को न खोना पड़े।

मार्च के दौरान आदिवासी छात्र संगठन ने स्पष्ट किया कि आदिवासी बच्चों के स्वास्थ्य और अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने 29 बैगा बच्चों की मौत के मामले में जवाबदेही तय कर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला