मंदसौरः विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर वन में हुआ पौधारोपण, कलेक्टर ने दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ
मंदसौर, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत नगर वन में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर अदिती गर्ग, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, वन मंडल अधिकारी संजय रायखरे सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इस दौरान सभी अधिकारियों ने नीम, बरगद, शीशम, आम एवं करंज के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में खेल विभाग के खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों ने भी भागीदारी की।
पौधारोपण के पश्चात कलेक्टर अदिती गर्ग ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और वृक्षारोपण के माध्यम से हम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। शपथ के दौरान सभी ने जल, वायु एवं भूमि को प्रदूषित न करने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने, ऊर्जा एवं जल संरक्षण करने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहते हुए भारत को स्वच्छ एवं हरित बनाने में अपना पूर्ण योगदान देने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

