home page

राजगढ़ः सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ के बीच 120 की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन, सीआरएस ने किया निरीक्षण

 | 
राजगढ़ः सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ के बीच 120 की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन, सीआरएस ने किया निरीक्षण


राजगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भोपाल-रामगंज मंडी नई रेल लाइन परियोजना के तहत सोनकच्छ से नरसिंहगढ़ के बीच नवनिर्मित 13 किलोमीटर रेलखंड पर मंगलवार को अधिकतम 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन का सफल ट्रायल किया गया।

मध्य वृत्त के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) गुरु प्रकाश ने रेलखंड का निरीक्षण कर यात्री और मालगाड़ियों के संचालन की उपयुक्तता जांची। निरीक्षण के दौरान सीआरएस ने मोटर ट्रॉली से रेलखंड का परीक्षण किया। इस दौरान रेलवे ट्रैक, पुल, समपार फाटक, सिग्नल, दूरसंचार प्रणाली सहित अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की गई।

ट्रायल से पहले सोनकच्छ और नरसिंहगढ़ स्टेशन यार्ड का भी निरीक्षण किया गया। इसके बाद 120 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से स्पीड ट्रायल किया गया। भोपाल मंडल में 89 किमी काम पूरा 276 किलोमीटर लंबी भोपाल-रामगंज मंडी रेल परियोजना में कुल 27 स्टेशन बनाए जाने हैं।

परियोजना का 111 किलोमीटर हिस्सा भोपाल मंडल और 165 किलोमीटर हिस्सा कोटा मंडल के अंतर्गत आता है। सोनकच्छ-नरसिंहगढ़ रेलखंड के निरीक्षण के साथ भोपाल मंडल में निशातपुरा से कुरावर, ब्यावरा-राजगढ़ से सोनकच्छ और सोनकच्छ से नरसिंहगढ़ तक कुल 89 किलोमीटर रेललाइन का काम पूरा हो गया है। अब नरसिंहगढ़-कुरावर के बीच शेष 22 किलोमीटर रेलखंड को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यात्रियों को तीन घंटे समय की बचत इस रेल परियोजना से मध्यप्रदेश और राजस्थान के पांच जिले भोपाल, सीहोर, राजगढ़, झालावाड़ और कोटा जुड़ेंगे। नया रेलमार्ग ब्यावरा-झालावाड़ के मौजूदा मार्ग की तुलना में करीब 42 किलोमीटर छोटा होगा। इससे यात्रियों को यात्रा में करीब तीन घंटे की बचत होगी। साथ ही माल परिवहन में भी सुविधा मिलेगी। भोपाल मंडल में 111 किलोमीटर रेललाइन और 12 स्टेशनों के निर्माण के लिए 1255 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। निरीक्षण के दौरान डीआरएम पंकज त्यागी, मुख्य परियोजना प्रबंधक पंकज स्वाइन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एमएस हाशमी, उप मुख्य अभियंता मोहम्मद वसीम सहित रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक