home page

छिंदवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे और भांजे की मौत

 | 
छिंदवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे और भांजे की मौत


छिंदवाड़ा, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में दीपावली के बाद सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। गांगीवाड़ा टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला, उसके बेटे और भांजे की मौत हो गई। तीनों परासिया के तुरसी गांव के निवासी थे और बाइक से छिंदवाड़ा आ रहे थे। दुर्घटना में पिकअप चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

जानकारी के अनुसार, तुरसी निवासी यशोदा टेकाम (30) पत्नी कैलाश टेकाम, सोमवार सुबह अपने 9 वर्षीय बेटे देवांश और 20 वर्षीय भांजे अंकित के साथ बाइक से छिंदवाड़ा के लिए निकली थीं। बाइक अंकित चला रहा था। सुबह करीब 8 बजे जब वे गांगीवाड़ा टोल प्लाजा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। तीनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान यशोदा, उनके बेटे देवांश और भांजे अंकित ने दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

दुर्घटना में पिकअप वाहन का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। मां, उसके मासूम बेटे और भांजे की एक साथ मौत से तुरसी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे