मंदसौरः उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कृषि उपज मंडी पिपलियामंडी में 1 करोड़ 77 लाख से निर्मित 32 दुकानों का लोकार्पण किया
मंदसौर, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने रविवार को मंदसौर जिले की कृषि उपज मंडी पिपलियामंडी में लगभग 1 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से निर्मित 32 कैश काउंटर (सैंड्री शॉप) दुकानों का लोकार्पण किया। ये दुकानें व्यापारियों के लिए कैश काउंटर के रूप में उपयोग की जाएंगी, जहां से किसानों को उनकी उपज का भुगतान किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, जनप्रतिनिधिगण, मंडी व्यापारी संघ के पदाधिकारी, व्यापारी एवं किसान उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि इन 32 दुकानों के लोकार्पण से व्यापारियों एवं किसानों दोनों को सीधा लाभ मिलेगा तथा किसानों को भुगतान की प्रक्रिया अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी। उन्होंने कहा कि पिपलियामंडी कृषि उपज मंडी को आदर्श मंडी के रूप में विकसित किया जाएगा और मंडी की सभी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। साथ ही मंडी के विकास के लिए भेजे गए 2.5 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को भी शीघ्र स्वीकृति दिलाई जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश की मंडियों में व्यापक परिवर्तन हुए हैं और आज अधिकांश मंडियां आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिसंबर 2026 तक गांधी सागर का पानी हर खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य पूरा होगा। इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण सहित आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि मध्यप्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल है। भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और इसका लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुंच रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम गुड़भेली छोटी में 8 करोड़ की सड़क का भूमि पूजन किया
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ग्राम गुड़भेली छोटी में 8 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली बरुजना फंटे से छोटी गुड़भेली, हरसोल व्हाया बंडपिपल्या पहुंच मार्ग का भूमि पूजन किया। 6.96 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के अनेक गांवों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को सीधा लाभ होगा। कार्यक्रम में जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि इस क्षेत्र में सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी और ग्रामीण लगातार इसकी मांग कर रहे थे। अब इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के अनेक गांवों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

