मैहर में बदला मौसम का मिजाज, दिन में चुभन भरी धूप तो रात में उमस ने बढ़ाई परेशानी
मैहर, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले मे इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी बादलों की आवाजाही का सिलसिला जारी है। बादलों के छाने से उमस लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर में तेज धूप चुभने लगी है, वहीं रात में उमस लोगों को हलाकान कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार स्थानीय बादलों की आवाजाही के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। दोपहर के समय कड़ी धूप के चलते सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है। लोग धूप से बचने के लिए टोपी, गमछा और कपड़े से चेहरा ढंककर घरों से निकल रहे हैं। गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए शहर में शीतल पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। कोल्ड ड्रिंक, गन्ने का रस, आम का पना और नारियल पानी की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। रात में कही कही हल्की बारिश के बाद उमस और तेज हो गई।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना बनी हुई है।विभाग ने बताया कि बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी सुबह के समय 58 प्रतिशत और शाम को 65 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, हालांकि उमस से फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

