ब्यावरा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 100 फीट ऊंचे ध्वज ने बढ़ाया राष्ट्रभक्ति का उत्साह
राजगढ़, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण और नमन के साथ हुई। इसके बाद यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। राज्यमंत्री पंवार ने यात्रा के दौरान स्वामी विवेकानंद, डॉ. भीमराव अंबेडकर, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
यात्रा में विद्यार्थी, युवा, मातृशक्ति, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान गुना नाका पर भारत माता की प्रतिमा का अनावरण राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने किया। उन्होंने कहा कि भारत माता की प्रतिमा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, त्याग और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।
यात्रा के समापन अवसर पर पीपल चौराहे पर 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। विशाल तिरंगा आसमान में लहराते ही पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन और सर्वस्व न्योछावर किया। युवा पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र भारत की सबसे बड़ी ताकत है। संविधान के प्रति सम्मान और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही देश और मजबूत होगा।
उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि जवान विषम परिस्थितियों में भी देश की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से डटे रहते हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का गौरव विश्व पटल पर लगातार बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के गौरव, स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनने और अपने घरों तथा प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

