home page

भोपाल के बड़ा तालाब में 350 से अधिक नावों के साथ निकली नौका तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

 | 
भोपाल के बड़ा तालाब में 350 से अधिक नावों के साथ निकली नौका तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश


भोपाल के बड़ा तालाब में 350 से अधिक नावों के साथ निकली नौका तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश


भोपाल के बड़ा तालाब में 350 से अधिक नावों के साथ निकली नौका तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश


भोपाल, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को राजधानी भोपाल का बड़ा तालाब देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। बोट क्लब पर आयोजित विशाल नौका तिरंगा यात्रा में 350 से अधिक तिरंगा सजी नावों ने हिस्सा लिया। जल, थल और नभ में लहराते तिरंगों के बीच देशभक्ति गीतों ने माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं नाव में सवार होकर तिरंगा थामे देशसेवा का संदेश दिया। इस दौरान मंत्री विश्वास सारंग और मंत्री कृष्णा गौर भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से आए वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों ने कयाकिंग और कैनोइंग का रोमांचक प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने कैनो स्लालम शो के जरिए तिरंगे को सलामी दी। लहरों के बीच खिलाड़ियों के करतब और सैकड़ों नावों पर लहराते तिरंगे आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।

तालाब के बीच नजर आया फ्लोटिंग तिरंगा

नौका तिरंगा यात्रा का सबसे खास आकर्षण बड़े तालाब के बीच तैयार किया गया विशाल फ्लोटिंग तिरंगा रहा। आयोजकों के अनुसार, तालाब के बीच इस तरह का फ्लोटिंग तिरंगा पहली बार तैयार किया गया। दूर तक फैली झील में तिरंगे से सजी नावों और बीचोंबीच बने फ्लोटिंग तिरंगे ने पूरे आयोजन को भव्य स्वरूप दिया। ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ सहित देशभक्ति गीतों के बीच बोट क्लब पर युवाओं और खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले हुए इस आयोजन ने राजधानी में आजादी के जश्न का माहौल बना दिया।

मुख्यमंत्री बाेले- जल में तिरंगा यात्रा का अनूठा आयोजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बड़े तालाब में आयोजित यह तिरंगा यात्रा अपने आप में अनूठी है। उन्होंने कहा कि आज चारों ओर तिरंगा नजर आ रहा है और जल की लहरों पर तिरंगा यात्रा का दृश्य रोमांचकारी है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं का जोश और उनका कौशल प्रदेश का गौरव बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। देश अपनी क्षमता और सामर्थ्य के बल पर समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

यूसीसी पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लागू होने से प्रदेश में समानता का भाव मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा और सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि देश की तीनों सेनाएं अद्भुत पराक्रम का प्रदर्शन कर रही हैं और भारत आज मजबूत एवं आत्मविश्वास से भरे राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने नौका तिरंगा यात्रा से जुड़े खिलाड़ियों, आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए देश की समृद्धि और सुरक्षा की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे