टीकमगढ़ के पांच पार्षद कांग्रेस की हुई घर वापसी, विधायक बुंदेला के साथ भोपाल पहुंचे, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ग्रहण की सदस्यता
टीकमगढ़, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की टीकमगढ़ नगर पालिका के पांच पार्षद मंगलवार को कांग्रेस में वापस शामिल हो गए। करीब एक साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले इन पार्षदों ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल में विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे और वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह चौहान सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे। कांग्रेस में लौटने वाले पार्षदों में छीताबाई उर्फ सीताबाई कुशवाहा, अरविंद रजक, राखी-ध्रुव यादव, अंशुल जैन और रामकुमार यादव शामिल हैं।
एक साल पहले भाजपा में गए थे
कांग्रेस के अनुसार, पांचों पार्षदों ने 13 सितंबर 2025 को कांग्रेस छोड़कर भाजपा का रुख किया था। मंगलवार को विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला के साथ भोपाल पहुंचकर उन्होंने दोबारा कांग्रेस की सदस्यता ली।
पार्षद रामकुमार यादव ने वापसी के बाद कहा कि भाजपा में उन्हें अपेक्षित मान-सम्मान नहीं मिला। उनके मुताबिक वार्ड से जुड़े कामों को लेकर भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि करीब एक साल पहले भाजपा में जाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुलाकात हुई थी, लेकिन औपचारिक सदस्यता कार्यक्रम नहीं हो सका।
रामकुमार यादव के अनुसार, पिछले एक साल में मुख्यमंत्री के टीकमगढ़ के कई दौरे हुए, लेकिन पार्षदों की भाजपा में औपचारिक सदस्यता नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी में उपेक्षा महसूस होने के कारण पांचों पार्षद कांग्रेस में लौटे हैं।
नगर पालिका की सूची में दलों की स्थिति
टीकमगढ़ नगर पालिका की ऑनलाइन परिषद सूची में वर्तमान में 25 पार्षदों के नाम और उनके राजनीतिक दल दर्ज हैं। सूची में कांग्रेस और भाजपा के अलावा निर्दलीय पार्षद भी दर्ज हैं। वेबसाइट पर छीताबाई, अरविंद रजक, रामकुमार यादव और राखी-ध्रुव यादव को कांग्रेस के साथ दर्ज किया गया है, जबकि अंशुल जैन को निर्दलीय बताया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने पांचों पार्षदों की वापसी को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया और उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि पार्षदों की वापसी से टीकमगढ़ में संगठन को मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

