home page

रायसेन: कुएं में डूबने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत, एक-दूसरे को बचाने में गई जान

 | 
रायसेन: कुएं में डूबने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत, एक-दूसरे को बचाने में गई जान


रायसेन, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील के सगौर गांव में शनिवार को पेयजल संकट एक दर्दनाक हादसे का कारण बन गया। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पानी भरने गई तीन आदिवासी छात्राओं की कुएं में डूबने से मौत हो गई। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों बच्चियां गहरे पानी में समा गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।

मृत बच्चियों की पहचान राधा (12) और तनु (13) दाेनाें पुत्री हलके राम और अमृता (12) पुत्री रामगोपाल के रूप में हुई है। राधा और अमृता पांचवीं कक्षा, जबकि तनु आठवीं कक्षा की छात्रा थी। राधा और तनु सगी बहनें थीं। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे तीनों बच्चियां गांव से दूर स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं। इसी दौरान वे नहाने लगीं। बताया जा रहा है कि अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गई। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी बच्ची भी पानी में उतर गई, लेकिन वह भी गहराई में डूबने लगी। दोनों को बचाने के लिए तीसरी बच्ची ने भी कुएं में छलांग लगा दी। कुएं में पानी अधिक और गहराई ज्यादा होने के कारण तीनों बाहर नहीं निकल सकीं।

घटना के समय वहां मौजूद एक अन्य बच्ची अमीना ने हादसा देखा और दौड़कर गांव पहुंची। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल गैरतगंज सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर और गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। एक ही गांव की तीन बच्चियों की असमय मौत से पूरा क्षेत्र सदमे में है। सूचना मिलने पर गढ़ी पुलिस चौकी का अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक बच्चियों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और गांव में सुरक्षित एवं स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की समस्या के कारण ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों को रोज लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे