home page

अनूपपुर: आधी रात रोशनदान से घर में घुसे चोर, तीन लाख का सामान चोरी, मां-बेटी को नहीं लगी भनक

 | 
अनूपपुर: आधी रात रोशनदान से घर में घुसे चोर, तीन लाख का सामान चोरी, मां-बेटी को नहीं लगी भनक


अनूपपुर: आधी रात रोशनदान से घर में घुसे चोर, तीन लाख का सामान चोरी, मां-बेटी को नहीं लगी भनक


अनूपपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के मुर्रा गांव में मंगलवार-बुधवार की रात्रि चोरों ने कमलेश सिंह गोंड के घर से घरेलू सामान और गहने चुराकर भाग निकले। पीड़ित कमलेश सिंह के अनुसार करीब ढाई से तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, चोरी के वक्त कमलेश सिंह की पत्नी और उनकी छोटी बेटी बगल के कमरे में सो रही थीं, लेकिन उन्हें जरा भी आहट नहीं हुई। बुधवार सुबह जब कमलेश अपनी ड्यूटी से घर लौटे और उनकी पत्नी ने दरवाज़ा खोला, तब जाकर चोरी की बात सामने आई। घर वालों ने जब कमरों में जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी, बर्तन की पेटी और दीवान सब खुले पड़े थे। घर के पीछे बाड़ी में दो अलमारियां खुली मिलीं, जिनका सामान बाहर फेंका हुआ था।

घटना की खबर तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी गोकुलानंद पांडे ने बताया कि यह किसी गिरोह का काम लग रहा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि चोर घर से लगी सीढ़ी के सहारे रोशनदान तक पहुंचे और वहां से कुंडी खोलकर अंदर घुसे। चोर दोनों अलमारियों को उठाकर बाहर बाड़ी में ले गए और वहां आराम से अलमारी खोलकर गहने, सामान और बर्तन चुरा लिए। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

कमलेश सिंह ने बताया कि यह घटना रात 2 से 3 बजे के बीच की है, जब वह हिंदुस्तान पावर प्लांट में अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला