गुना में पंचायत सचिव के घर करोड़ों की चोरी, एक किलो सोना, छह किलो चांदी, 10 लाख नकद और बाइक ले गए बदमाश
गुना, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के चिरौली गांव में रविवार देर रात पंचायत सचिव के घर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पहले घर के कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर परिवार के सदस्यों को अंदर ही कैद कर दिया, फिर आराम से घर में रखी नकदी और कीमती जेवर समेटकर फरार हो गए। परिवार का दावा है कि बदमाश करीब एक किलो सोना, छह किलो चांदी, 10 लाख रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी है। जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चिरौली गांव निवासी पवन मीना, पंचायत सचिव हैं। उनके अनुसार रविवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। घर में उस समय केवल बुजुर्ग माता-पिता और पंचायत सचिव पवन मीणा का छोटा भाई मौजूद था। बताया जा रहा है कि डॉक्टर कमल मीणा और उनके दोनों भाई नौकरी के कारण बाहर रहते हैं। छोटे भाई पवन मीणा पंचायत सचिव हैं। पवन मीणा की पत्नी सावन के चलते अपने मायके गई हुई थीं। घर में केवल पिता बाबूलाल मीणा, माता और छोटा भाई सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे 8 से 10 हथियारबंद बदमाश खिड़की काटकर घर में घुसे। घर में घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले बुजुर्ग माता-पिता और छोटे भाई के कमरों की कुंडी बाहर से लगा दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके और विरोध न कर पाए। इसके बाद बदमाश एक-एक कर तीनों भाइयों के कमरों में पहुंचे और अलमारियां, लॉकर तथा ताले तोड़कर कीमती सामान समेटना शुरू कर दिया। पूरी वारदात को बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। परिवार के मुताबिक उनके पिता बाबूलाल मीना रात करीब 2:30 बजे उठे थे। उस समय घर में सब कुछ सामान्य था। इसके बाद वे फिर सो गए।
पुलिस का मानना है कि इसी दौरान रात 2:30 बजे से सुबह 4 बजे के बीच बदमाश घर के पीछे की ओर से खिड़की काटकर भीतर दाखिल हुए। घर में प्रवेश करते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई विरोध न कर सके। इसके बाद बदमाशों ने एक-एक कर कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर नकदी और जेवर समेट लिए। सुबह करीब 4:30 बजे जब परिवार के सदस्य जागे तो कमरों के दरवाजे बाहर से बंद मिले। पड़ोसियों की मदद से कुंडी खुलवाई गई। बाहर निकलने पर अलमारियां खुली मिलीं, सामान बिखरा पड़ा था और जेवर-नकदी गायब थी। घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी नहीं मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पंचायत सचिव पवन मीना के अनुसार, बदमाश घर से करीब एक किलो सोना, छह किलो चांदी, 10 लाख रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। परिवार का कहना है कि नकदी में करीब छह लाख रुपए गांव के मंदिर के थे, जिन्हें ग्रामीणों ने सुरक्षित रखने के लिए उनके पास रखा था। कुछ परिजनों ने चोरी गए जेवरों और नकदी का मूल्य करोड़ों रुपये बताया है। हालांकि पुलिस ने अभी चोरी गए सामान और उसकी कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वास्तविक नुकसान का आकलन जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किया जाएगा। पवन मीना का परिवार गांव के संपन्न परिवारों में गिना जाता है। परिवार के पास 300 बीघा से अधिक पुश्तैनी कृषि भूमि है। एक भाई फतेहगढ़ में व्यवसाय करते हैं, जबकि दूसरे भाई गुना में चिकित्सक और तीसरे इंदौर में इंजीनियर हैं।
एसपी ने संभाला मोर्चा, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हितिका वासल मौके पर पहुंचीं। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के गांवों, खेतों और संभावित मार्गों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। एसडीओपी विवेक अष्ठाना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वारदात रात 2:30 बजे से 4 बजे के बीच होना सामने आया है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पारदी गिरोह पर जताई जा रही आशंका, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि वारदात किसी पारदी गिरोह ने अंजाम दी हो सकती है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी गिरोह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और ठोस साक्ष्य मिलने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरीके से बदमाशों ने सुनियोजित ढंग से घर में प्रवेश किया, परिवार को कमरों में बंद किया और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, उससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

