home page

सीहोर में घर से 20.75 लाख के सोने-चांदी के आभूषण चोरी का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार

 | 
सीहोर में घर से 20.75 लाख के सोने-चांदी के आभूषण चोरी का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार


सीहोर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में अहमदपुर पुलिस ने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी गए करीब 16 तोला सोने और 250 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत 20 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अहमदपुर निवासी फरियादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात के समय अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर अहमदपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने चोरी की घटना का सुराग लगाने के लिए तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी में संलिप्त आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी गए करीब 16 तोला सोने और 250 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 20 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा