home page

उज्जैनः एनक्यूएएस की टीम ने प्रारंभ किया निरीक्षण, गंदगी देख नाराज हुए सदस्य

 | 
उज्जैनः एनक्यूएएस की टीम ने प्रारंभ किया निरीक्षण, गंदगी देख नाराज हुए सदस्य


उज्जैन, 22 जून (हि.स.) मप्र के उज्जैन में चरक भवन में संचालित जिला अस्पताल में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैण्डर्ड के तहत तय बिंदुओं का मूल्यांकन करने के लिए राष्ट्रीय स्तर की तीन सदस्यीय टीम सोमवार को निरीक्षण करने पहुंची।

इसकी जानकारी सिविल सर्जन से लेकर अस्पताल के सभी विभागों में पहले थी। बावजूद इसके जो प्रदर्शन सोमवार को उक्त टीम के सामने हुआ,उसे देखकर शहर का नाम उक्त टीम की सूची में निचली पायदान पर आ गया।

एनक्यूएएस की तीन सदस्यीय टीम में डॉ.रूपिंदर कौर चंडीगढ़ से,डॉ. सुवर्णा बेंद्रे औरंगाबाद से तथा डॉ.विजयचंद्र झा सीमामणि से शामिल थे। इस टीम ने सोमवार को जैसे ही चरक भवन परिसर में कदम रखा,चौंक गई। परिसर में बदबूवाली हवा फैली हुई थी,पूछने पर ज्ञात हुआ कि सेप्टिक टेंक से रोजाना, महीनों से रिसाव हो रहा है। इसकी मरम्मत का काम जारी है। एक दिन पूर्व बारिश होने से यह चोक हो गया,इसलिए गंदगी परिसर में फैली हुई है। इधर टीम को चढ़ाव के समीप ही उन्हे शराब की खाली बोतलें मिली। उन्होने तत्काल सफाई का काम देखनेवाली आउटसोर्स कम्पनी की सुपरवायजन को बुलवाया और जमकर डांट लगाई। साथ ही चेताया कि एक घण्टे के अंदर पूरा अस्पताल परिसर साफ हो जाना चाहिए।

टीम की सख्त नाराजगी देखकर सिविल सर्जन डॉ.संगीता पलसानिया, आरएमओ डॉ.चिन्मय चिंचोलीकर,अस्पताल प्रबंधक हिमानी चौहान और वरिष्ठ डॉ.निधि जैन भी सहम गए। इन्हे पता है कि यदि मूल्यांकन में कम अंक आए तो मिलनेवाली प्रोत्साहन राशि पर असर आएगा। हालांकि इन लोगों ने भरसक कोशिश की कि अस्पताल को जमकर चमकाया जाए और चकाचक सफाई की जाए लेकिन निचले अमले पर पकड़ समाप्त होने के चलते कोई कुछ नहीं बोला। चुपचाप एक दूसरे की ओर तिरछी नजर से देखते रहे तथा औपचारिक मुस्कान टीम के सदस्यों की ओर बिखेरते रहे।

टीम के सदस्यों ने रिकार्ड संधारण देखा,शौचालय से लेकर बरामदों तक में सफाई की जांच की। इसीप्रकार ऑपरेशन थियेटर्स, ओपीडी, आईपीडी भी देखी। टीम जब भोजनशाला में गई तो वहां मैन्यू बोर्ड पर कुछ जानकारी नहीं थी कि सोमवार को क्या आहार दिया जाना है। इस पर टीम ने नाराजगी व्यक्त की। इसीप्रकार सिटीजन चार्टर का निरीक्षण करके पूछताछ की कि इसप्रकार से सुविधाएं दी जा रही है या नहीं ? टीम अभी उज्जैन ही रूकेगी। इसका दौरा कार्यक्रम चलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल