home page

आगरमालवाः चांदी की पालकी में निकले राजाधिराज बैजनाथ महादेव

 | 
आगरमालवाः चांदी की पालकी में निकले राजाधिराज बैजनाथ महादेव


आगरमालवा, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मालवांचल के आगरमालवा जिले में स्थित प्रसिद्ध, प्राचीन व ऐतिहासिक शिवालय बाबा बैजनाथ की भव्य शाही सवारी सोमवार को दोपहर डेढ़ बजे मंदिर परिसर से हर्षोल्लास और धूमधाम से शुरू हुई। पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर नगर धर्म, आस्था, विश्वास और शिवभक्ति से सराबोर हो गया इस मौके पर उमड़ा जनसैलाब देखते ही बन रहा था। चांदी की सुसज्जित पालकी में सवार होकर बाबा बैजनाथ महादेव लाव-लश्कर, राजसी ठाट-बाट, ढोल-धमाकों और बैंड-बाजों के साथ नगर भ्रमण पर निकले और प्रजा का हाल जाना।

शाही सवारी प्रारंभ होने के पहले क्षैत्रीय सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी, विधायक माधव सिंह मधु गहलोत, कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भेरूसिंह चैहान, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी तंवर, पूर्व विधायक गोपाल परमार, विपिन वानखेड़े, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेन्द्र सिंह सहित जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर प्रबंध समिति सदस्यों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर महाआरती की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर एवं एसपी ने बारी-बारी से पालकी को कंधा देकर भव्य शाही सवारी को नगर के लिये रवाना किया। इस दौरान आगरमालवा, शाजापुर, राजगढ़, इन्दौर, उज्जैन देवास, राजस्थान के झालावाड़ जिले सहित अन्य दूरस्थ स्थलों से आये हजारों श्रृद्धालु मौजूद थे।

मंदिर परिसर में मध्यप्रदेश पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी द्वारा बाबा बैजनाथ को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पुलिस बैंड-बाजों की धुन के साथ बाबा की सवारी ने मंदिर प्रांगण से नगर के लिये प्रस्थान किया। कोटा रोड स्थित जिला जेल के सामने जेल विभाग की टुकड़ी द्वारा भी बाबा बैजनाथ को सलामी दी गई।

इसके पूर्व कलेक्टर डॉ शेरसिंह मीना ने सपत्नीक एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने तड़के ब्रह्म मुहूर्त में बाबा बैजनाथ मंदिर पहुंचकर मंदिर गर्भगृह में परम्परागत रूप से बाबा बैजनाथ के दर्शन पूजन कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल एवं पंचामृत से अभिषेक किया आरती उतारी तथा जिलवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना बाबा से की।

बाबा बैजनाथ के स्वागत में नगरवासियों ने पूरे नगर को आकर्षक रूप से दुल्हन की तरह सजाया, शाही सवारी में हजारों श्रद्धालु भक्तजन शामिल हुए। सवारी मार्ग पर श्रृद्धालुओं ने अपने घरों की छतों एवं सड़क के दोनों और खड़े होकर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बाबा बैजनाथ का भव्य स्वागत किया। शाही सवारी के दौरान पालकी में विराजित बाबा बैजनाथ महादेव का वैभव देखते ही बन रहा था और श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा था। पूरा शहर बम-बम भोले, हर-हर महादेव, जय हो बाबा बैजनाथ के उद्घोष से गूंज उठा। शाही सवारी में शामिल झांकियाँ, अखाड़े, बैंडबाजों सहित सैंकड़ौ झंड़ा मंडलिया के सदस्यगण व भक्तजन नाचते, गाते, झूमते हुए चल रहे है। किया।

वही विभिन्न समाजों, राजनेताओं और व्यक्तिगत मंच बनाकर लोग बाबा बैजनाथ महादेव व सवारी का भव्य स्वागत कर रहे है। नगर के प्रमुख मार्गो छावनी, झंडाचैक, नाना बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा बाजार, हाटपुरा, पुराना अस्पताल चैराहा, माधवगंज जैसै परम्परागत मार्ग से निकली, शाही सवारी को देखने के लिये बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। सवारी के समापन स्थल पुरानी कृषि उपज मंडी प्रागंण में श्रृद्धालु भक्तों को भोजन प्रसादी भी कराई जा रही है। सवारी के विशेष आयोजन को लेकर कलेक्टर ने जिलेभर में आज अवकाष घोषित किया है। प्रशासन द्वारा यातायात और सवारी मार्ग पर सफाई व प्रकाश आदि की सुचारू व्यवस्था की गई है तथा बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों के लिये सुरक्षा के माकूल इंतजाम करते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया।

इस अवसर पर एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयत, एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह, डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई, तहसीलदार विजय सेनानी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या पूरे समय उपस्थित रहे।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा