home page

मंदसौर में पुलिस महकमे में फेरबदल, चार थाना प्रभारी बदले; पांच पुलिसकर्मी लाइन अटैच

 | 


मंदसौर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। आदेश के तहत चार थाना प्रभारियों के तबादले किए गए हैं, जबकि एक चौकी प्रभारी को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा गांधीसागर थाने के पांच पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन अटैच किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, गरोठ थाना प्रभारी हरीश मालवीय को अफजलपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है। सुवासरा थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी को मल्हारगढ़ थाने की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक राजेंद्र सिंह बघेल को सुवासरा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इसी तरह उप निरीक्षक बलबीर यादव को भैसोदामंडी चौकी से हटाकर गरोठ थाने का प्रभारी बनाया गया है, जबकि उप निरीक्षक धर्मेश यादव को पुलिस लाइन से भैसोदामंडी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए गांधीसागर थाने में पदस्थ पांच पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया है। इनमें प्रधान आरक्षक दुर्गाशंकर मीणा, आरक्षक राहुल गरासिया, आरक्षक अनिल गुर्जर, आरक्षक लोकेश अहीर और चालक आरक्षक गिरिराज दांगी शामिल हैं। सभी को मंदसौर पुलिस लाइन भेजा गया है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में अफजलपुर थाने में पदस्थ उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह कनेश को कार्य में लापरवाही के आरोप में लाइन अटैच किया गया था। उनके बाद थाना प्रभारी का पद रिक्त था, जिसे अब हरीश मालवीय की नियुक्ति से भरा गया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी ऐसे कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया