अनूपपुर: दूसरे दिन सुबह तेज बारिश के बाद खिली धूप, 24 घंटे में 0.14 इंच वर्षा
अनूपपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में सितंबर में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। अनूपपुर जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह करीब आधे घंटे तक तेज बारिश के बाद धूप खिली और मौसम साफ हो गया।
यह लगातार दूसरे दिन जब सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए थे और तेज बारिश के बाद लोगो ने सूर्यदेव के दर्शन किये। गुरुवार सुबह भी तेज बारिश हुई थी, जो शाम तक कभी हल्की तो कभी धीमी फुहारों के रूप में जारी रही।
धान-मक्का के लिए फायदेमंद, जलभराव वाले खेतों में चिंता
बारिश से किसानों को राहत मिली है। कृषि विभाग के मुताबिक, तीन-चार दिनों की तेज धूप के बाद हो रही हल्की और मध्यम बारिश धान, मक्का और अरहर जैसी खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद है। वहीं देर से फसल लगाने वाले किसान परेशान हैं। जिन खेतों में लगातार पानी भरा हुआ है, वहां पौधों की बढ़वार रुक गई है और पत्तियां पीली पड़ रही हैं। इससे किसानों को फसल खराब होने की चिंता है।
दोपहर-शाम गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
भू-अभिलेख कार्यालय के प्रदीप कुमार मोगरे ने बताया कि अनूपपुर में शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई। शहर का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन हवा में 82 प्रतिशत नमी के कारण 31 डिग्री जैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने बताया कि दोपहर और शाम के समय बिजली कड़कने के साथ बारिश होने की सबसे ज्यादा संभावना है। बारिश की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत में बना कम दबाव का क्षेत्र है।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी
मध्य भारत और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी हवाएं अपने साथ काफी नमी ला रही हैं। इसी वजह से अनूपपुर, शहडोल और डिंडौरी समेत पूर्वी हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है।
24 घंटे में 0.14 इंच बारिश
जिले में पिछले 24 घंटे में 3.6 मिमी यानी करीब 0.14 इंच बारिश दर्ज हुई। इसमें अनूपपुर में 2.4 मिमी यानी 0.09 इंच और वेंकटनगर में 1.0 मिमी यानी 0.04 इंच बारिश शामिल है। पुष्पराजगढ़ में 11.8 मिमी यानी 0.46 इंच, अमरकंटक में 7.0 मिमी यानी 0.28 इंच और बेनीबारी में 6.4 मिमी यानी 0.25 इंच बारिश दर्ज हुई।
अब तक 39.03 इंच बारिश
जिले में 1 जून से अब तक कुल 991.3 मिमी यानी करीब 39.03 इंच बारिश दर्ज की गई है। पिछले साल इसी अवधि तक 938.2 मिमी यानी करीब 36.94 इंच बारिश हुई थी। इस तरह इस साल अब तक पिछले वर्ष की तुलना में करीब 2.09 इंच ज्यादा बारिश हो चुकी है। जिले की औसत मानक वर्षा 989.6 मिमी यानी करीब 38.96 इंच है। इस हिसाब से अब तक सामान्य से करीब 0.07 इंच अधिक बारिश दर्ज की गई है। फिलहाल लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि, जलभराव वाले खेतों में फसल की स्थिति को लेकर किसानों की चिंता बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

