home page

मंदसौरः सकल जैन समाज वीर पुत्र जयम द्वारा वीर पुत्र सम्मेलन का हुआ आयोजन

 | 
मंदसौरः सकल जैन समाज वीर पुत्र जयम द्वारा वीर पुत्र सम्मेलन का हुआ आयोजन


मंदसौर, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में सकल जैन समाज वीर पुत्र जयम के द्वारा रविवार को तीर्थंकर भगवान श्री महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में वीर पुत्र सम्मेलन का आयोजन महावीर मार्ग तिराहे पर किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सकल जैन समाज वीर पुत्र जयम के द्वारा महावीर मार्ग द्वार पर ध्वजारोहण भी अतिथियों के द्वारा कराया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित जैन समाज के गणमान्य महानुभावों ने इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर समाज में एकजुटता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि मंदसौर विधायक विपिन जैन की गरिमामय उपस्थिति में सकल जैन समाज के अध्यक्ष लोकेन्द्र जैन गोटावाला ने जैन ध्वज फहराया। इस अवसर पर कार्यक्रम के अतिथिगण पूर्व मंत्री नरेन्द्र नाहटा, सकल जैन समाज के महामंत्रीगण शेखर कासमा, निवृर्त्तमान अध्यक्ष जयकुमार बडजात्या, उपसंयोजकगण संजय मुरड़िया, अरविन्द मेहता, वीर पुत्र जयम संवाहक राजमल गर्ग, प्रभारी महासचिव अक्षय मारू, सिद्धार्थ पामेचा, युवा प्रकोष्ठ महामंत्री कमलेश कटारिया, सजैस प्रवक्ता विजेन्द्र फांफरिया भी मंचासीन थे।

सभी मंचासीन अतिथिगणों ने भगवान महावीर स्वामी के चित्र पर माल्यार्पण भी किया। पहली बार महावीर तिराहे पर स्थित महावीर द्वार पर वीर पुत्र सम्मेलन का आयोजन किये जाने पर मंदसौर के सभी जैन समाजजनों ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि मंदसौर विधायक विपिन जैन ने कहा कि वर्तमान समय में जब पूरे विश्व में अशांति है, युद्ध हो रहे है और हजारों लोग मारे जा रहे है ऐसे समय में भगवान महावीर के विचारों की सबसे अधिक आवश्यकता है। भगवान महावीर के विचारों को आत्मसात करके ही हम विश्व शांति, सद्भाव मैत्री का भाव उत्पन्न कर सकते हैं।

सकल जैन समाज अध्यक्ष लोकेन्द्र जैन गोटावाला ने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांतों को सच्चे अर्थों में आत्मसात करने की जरूरत है जब हम महावीर के जियो और जीने दो का सिद्धांत अपनाएंगे तो शांति सद्भाव का वातावरण बनेगा।

म.प्र. शासन के पूर्व मंत्री नरेन्द्र नाहटा ने कहा कि प्रभु महावीर की जन्म जयंती हम जिस प्रकार पूरे जैन समाज के धर्मावलम्बी मिलजुलकर मनाते हैं, उससे समाज की एकता का संदेश जाता है। कार्यक्रम का संचालन अक्षय मारू ने किया तथा आभार सिद्धार्थ पामेचा ने माना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया