शहडाेल: वीर नायक भगवान बिरसा मुंडा ने देश और समाज के लिए अपना बलिदान दिया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
शहडोल, 16 नवंबर (हि.स.)। देश के महान क्रांतिकारी और जननायक बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने संघर्ष से तत्कालीन ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी। वे जल, जंगल और जमीन के लिए अपने कार्यों के आधार पर पूज्यनीय हो गए। वीर नायक भगवान बिरसा मुंडा ने देश और समाज के लिए अपना बलिदान दिया। भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय नायकों ने देश की आजादी के लिए जनजातीय क्षेत्रों में अलख जगाई, लेकिन देश की आजादी के बाद आई सरकारों ने हमारे जनजातीय महापुरुषों के योगदान को भुला दिया। उन सरकारों ने केवल वंशवाद को बढ़ावा दिया।
यह विचार सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में देश के 8 से 10 राज्यों से कोल समाज के भाई-बहन बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर तथा आदि पूजा के साथ किया। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ। मुख्यमंत्री का माला एवं पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। इनने 8.64 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 10 विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा 349.07 करोड़ रुपये लागत के 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
हितग्राहियों को हितलाभ वितरित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के 10 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। हितग्राहियों को चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कटनी से सिंगरौली तक फोर लेन सड़क बनाने, ब्यौहारी विधानसभा में 10 करोड़ रूपये लागत से 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क बनाने, हनुमान मंदिर तक सुगम आवागमन के लिए 13 करोड़ लागत से बनने वाली सड़क को मंजूर करने, मऊ से चरखारी तक नई सड़क बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से लैस ऑडिटोरियम बनाने, संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाने, हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम शहडोल भेजने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहडोल में नया इंडस्ट्रियल पार्क का जल्द ही भूमि-पूजन होगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की है, आगे भी 2 लाख नए पदों पर नौकरी दी जाएगी।
भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी और विजयश्री हासिल की। उन्होंने देश-धर्म के लिए स्वयं को बलिदान कर दिया। अपना देश, अपना राज का उद्घोष करने वाले बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता के महानायक थे। जननायक वीर बूदु भगत और मदारा महतो ने 1831 और 1832 में अद्वितीय लड़ाई लड़ी। उन्हें भी जनजातीय सप्ताह के कार्यक्रम में हम स्मरण कर रहे हैं। राज्य सरकार ने वीरांगना रानी दुर्गावती का स्मरण कर जबलपुर से इस सप्ताह का शुभारंभ किया था। इसके बाद धार में लगभग 1400 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित माइको उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई। पिछले दिनों जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगभग 4000 करोड़ रुपए की सौगात मिली है। जनजातीय सप्ताह में प्रदेशभर के अलग-अलग शहरों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज ही खंडवा जिले को भी विकास कार्यों की नई सौगात मिलेगी।
विकास कार्यों की योजना बनाते समय जिले का कोई भी क्षेत्र नहीं छूटे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहडोल सहित सभी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए हमारी सरकार संकल्पित है। जन कल्याणकारी कार्यों के लिए राज्य सरकार के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय जिले का कोई भी क्षेत्र छूटना नहीं चाहिए। हमें सम्पूर्ण जिले की चिंता करनी है और क्षेत्र तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश में डेढ़ हजार कार्यक्रम होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल में अगले महीने 4000 करोड़ रुपये लागत की नई औद्योगिक इकाई का भूमि-पूजन किया जाएगा। स्कूली विद्यार्थियों को सांदीपनि विद्यालयों की सौगात मिल रही है। पीएम जनमन, नल से जल, उज्जवला गैस कनेक्शन, पीएम आवास जैसी अनेक सौगातें जनजातीय क्षेत्रों को मिल रही है। प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवाएं दौड़ेंगी। वन अधिकार पट्टे मालिकों को भी नि:शुल्क रजिस्ट्री योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के माध्यम से अब तक ग्रामीण आबादी की 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री हो चुकी है। हमारा लक्ष्य 50 लाख रजिस्ट्रियां करने का है। मध्य प्रदेश ने देश में सबसे पहले नक्सलियों का खात्मा कर लाल सलाम को आखिरी सलाम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार पशुपालन को प्रोत्साहन दे रही है, साथ ही सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और पशुपालकों को बेहतर कीमतें दिलवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

