home page

अनूपपुर: मैकल की वादियों में सर्दी का सितम शुरू, अमरकंटक में पारा 7 डिग्री पर पहुंचा

 | 
अनूपपुर: मैकल की वादियों में सर्दी का सितम शुरू, अमरकंटक में पारा 7 डिग्री पर पहुंचा


अनूपपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक सहित जिले भर में सर्दी ने अब अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मैकल पर्वत की ऊंची वादियों में ठंडी हवाओं के साथ शीतलहर का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। तापमान में आई गिरावट ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। अमरकंटक का न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। वहीं अनूपपुर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधितम 25 डिग्री सेल्सियस रहा।

मां नर्मदा के उद्गम स्थल से लेकर रामघाट, सोनमूड़ा, माई की बगिया और कपिलधारा तक प्राकृतिक वातावरण में सर्दी का प्रभाव साफ नजर आने लगा है। सुबह के समय धुंधली वादियां, ओस से भीगी हरियाली और ठंडी हवाएं अमरकंटक के प्राकृतिक सौंदर्य को एक अलग ही स्वरूप प्रदान कर रही हैं। यही वजह है कि शीत ऋतु में यहां का मौसम पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन जाता है। वहीं रात ढलते ही ठंड का असर और अधिक गहरा हो जाता है। देर रात से सुबह तक वातावरण में ठंडक बनी रहती है और खुले स्थानों पर जमकर ओस गिर रही है। सुबह होते ही घास के मैदान, पेड़-पौधों की पत्तियां, झाड़ियां और खड़े वाहन ओस की बूंदों से भीगे नजर आते हैं। सूरज की पहली किरण जब इन बूंदों पर पड़ती है तो प्रकृति का दृश्य बेहद आकर्षक दिखाई देता है। ऐसा लगता है मानो मैकल की वादियों ने ओस की चादर ओढ़ ली हो।

सुबह और शाम चलने वाली सर्द हवाओं ने आम जनजीवन की दिनचर्या को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। लोग घरों से निकलते समय गर्म कपड़ों, स्वेटर, जैकेट और टोपी का सहारा ले रहे हैं। शाम ढलते ही बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर ठंड का एहसास बढ़ जाता है। कई स्थानों पर लोग अलाव जलाकर सर्दी से राहत पाने का प्रयास करते दिखाई देने लगे हैं।

बढ़ती ठंड के बीच अमरकंटक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी गर्म कपड़ों के साथ आने की आवश्यकता महसूस हो रही है। विशेषकर सुबह और देर शाम भ्रमण करने वालों को ठंडी हवाओं से बचाव करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तापमान में गिरावट के साथ अब सर्दी का वास्तविक दौर शुरू हो गया है। मैकल की वादियों में ठंड की दस्तक के साथ ही शीत ऋतु का प्राकृतिक सौंदर्य भी अपने पूरे आकर्षण के साथ दिखाई देने लगा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला