राजधानीवासियों को नमोवन की सौगात शीघ्र, महापौर ने लिया जायजा
भोपाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी भोपाल की महापौर मालती राय ने बुधवार को लालघाटी के समीप निर्माणाधीन नमोवन के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्देशित किया कि राजधानीवासियों को नमोवन की सौगात शीघ्र उपलब्ध कराने के दृष्टिगत सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए। महापौर ने नमोवन के सभी कार्यों को मानक स्तर की गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान अपर आयुक्त हर्षित तिवारी, महापौर परिषद के सदस्य मनोज राठौर, जोन अध्यक्ष विनीता सोनी, पार्षद प्रियंका मिश्रा, कार्यपालन यंत्री प्रमोद मालवीय सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
महापौर मालती राय ने बुधवार को लालघाटी के समीप स्थित निर्माणाधीन नमोवन के कार्यों का जायजा लिया और प्रचलित एवं प्रस्तावित कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा विभिन्न स्थलों पर जाकर कार्यों की अद्यतन स्थित को भी देखा। महापौर श्रीमती राय ने नमोवन में लगे वृक्षों की बेहतर एवं व्यवस्थित ढंग से कटाई-छटाई कराकर आकर्षक स्वरूप प्रदान करने, विद्युत मंडल के अधिकारियों से समन्वय कर हाईटेंशन लाईन व ट्रांसफार्मर आदि शिफ्ट कराने की कार्यवाही शीघ्रता से सुनिश्चित करने, नमोवन के सभी पाथवे को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती राय ने कहा कि नमोवन में पत्थरों एवं वृक्षों को इस प्रकार व्यवस्थित किया जाये कि यहां प्राकृतिक सौन्दर्य की अनुभूति हो। महापौर श्रीमती राय ने बच्चों के लिए प्ले जोन विकसित करने, पार्किंग एवं फूड जोन की समुचित व्यवस्था करने, गुलाब उद्यान विकसित करने, आकर्षक व डिजाइनर गमले आदि लगाने, आकर्षक फब्बारे लगाने, पेड़-पौधों एवं घास आदि की समुचित सिंचाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती राय ने सेल्फी पाइंट, ओपन थियटर, योगा क्लब आदि के कार्यों को भी शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती राय ने नमोवन के सभी कार्यों को मानक स्तर की गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महापौर मालती राय ने इस अवसर पर कहा कि राजधानी में नमोवन विकसित करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने लगभग 7 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई है और हमारा प्रयास है कि हम शीघ्रता से सुन्दर, आकर्षक और बेहतर से बेहतर सुविधायुक्त नमोवन की सौगात शहर के नागरिकों को मिले।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

