मंदसौर: उप मुख्यमंत्री ने 37 लाख रुपए लागत के पंचायत भवन निर्माण का लोकार्पण किया
मंदसौर, 08 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शनिवार को मंदसौर जिले के ग्राम खेर खेड़ा में 37 लाख रुपए लागत से निर्मित अटल ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज मध्य प्रदेश विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में सम्मिलित है, प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। इस दौरान राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, मदन लाल राठौर तथा अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। आमजन की जो भी शिकायत है या समस्याएं होंगी उनका समाधान सुनिश्चित किया गया है। अभियान में आयोजित शिविरों के दौरान जो भी आवेदन आएंगे उनका समय सीमा में निराकरण किया जाएगा। जिम्मेदारी से शासन प्रशासन द्वारा कार्य किया जाएगा। विकास का जिक्र करते हुए उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाकर गांव-गांव आपस में जोड़ दिए गए हैं। पहले जहां किसी स्थान से अन्य स्थान जाने में 5 घंटे लगते थे अब मात्र 2 घंटे में पहुंच जाते हैं। राज्य शासन द्वारा पेयजल बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। वही आयुष्मान कार्ड बनाकर लोगों के नि:शुल्क उपचार का प्रबंध किया गया है। उप मुख्यमंत्री ने मल्हारगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी में बताया कि क्षेत्र के गांव-गांव सड़कों से जोड़ दिए गए हैं गांधी सागर बांध का पानी हर खेत तक पहुंचेगा।
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने अपने संबोधन में कहां की प्रदेश में प्रत्येक क्षेत्र में विकास किया जा रहा है। प्रदेश विकास के क्षेत्र में अग्रणी है गेहूं उत्पादन में प्रदेश देश में अव्वल है हर खेत को पानी मिल रहा है हर घर नल से जल मिल रहा है किसानों की आय को दुगना करने का कार्य किया जा रहा है किसान हित सर्वोपरि है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री देवड़ा द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

