home page

मंदसौर : उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री राकेश सिंह ने 29 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया

 | 
मंदसौर : उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री राकेश सिंह ने 29 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया


मंदसौर, 24 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में स्वास्थ्य और अधोसंरचना विकास को नई गति देते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय में कुल 29 करोड़ 52 लाख रुपये लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर 7 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय नवीन वार्ड तथा 17 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बने 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही 4 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से चांदाखेड़ी फंटा से खजुरिया मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से प्रदेश के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी धीरे-धीरे दूर होगी। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि लोकार्पित स्वास्थ्य भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि भविष्य की आशाओं का केंद्र है। यह भवन विशेष रूप से माताओं और बहनों की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समर्पित रहेगा।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में किए दर्शन

निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंत्री राकेश सिंह ने सबसे पहले मंदसौर स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।

ग्राम बूढ़ा में 85 करोड़ से अधिक के कार्यों का शुभारंभ

मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बूढ़ा में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं मंत्री राकेश सिंह ने 85 करोड़ 61 लाख रुपये लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

भूमिपूजन किए गए कार्यों में गर्रावद से चिल्लोद पिपलिया मार्ग, खड़पालिया से काल्याखेड़ी पहुंच मार्ग, गुर्जरबर्डिया से महादेव मंदिर मार्ग तथा मुंडकोषा से सुजानपुरा मार्ग शामिल हैं।

वहीं लोकार्पित कार्यों में नारायणगढ़ से बिल्लोद मार्ग, मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन से नारायणगढ़ मार्ग, पिपलियामंडी बायपास मार्ग तथा बालागुड़ा पेट्रोल पंप से खेडाखदान, खोखरा, सोनी पिपलिया सोलंकी मार्ग प्रमुख हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया